दाल बाजार व्यापारी संघ के साथ कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने की चर्चा

0
59

सिटी रिपोटर ग्वालियर !

दाल बाजार में यातायात को सुगम बनाने के लिये व्यापारी स्वयं भी प्रयास करें
और दुकानदारों को समझाएं। दाल बाजार व्यवसायी समिति स्वयं दुकानदारों से चर्चा कर लोडिंग, अनलोडिंग का समय निर्धारित करें, ताकि दाल बाजार का यातायात सुगम बन सके। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शनिवार को दाल बाजार व्यापारी संघ के पदाधिकारियों से चर्चा करते हुए यह बात कही। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक  धर्मवीर सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित थे

शनिवार को कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में दाल बाजार व्यापारी संघ के साथ यातायात व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में दाल बाजार में वाहनों की पार्किंग, लोडिंग, अनलोडिंग एवं सुरक्षा को देखते हुए सीसीटीव्ही कैमरे लगाने के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में मध्यप्रदेश कैट के अध्यक्ष  भूपेन्द्र जैन, डॉ. सौरभ खण्डेलवाल, दाल बाजार व्यापारी समिति के अध्यक्ष श्री दिलीप पंजवानी,  समीर अग्रवाल,  मनीष गोयल, पंकज अग्रवाल, सुश्री ईशान मारवाड़ी सहित नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर श्रीमती चौहान ने व्यापारी संघ से चर्चा करते हुए कहा कि दाल बाजार के यातायात को
व्यवस्थित करने के लिये समिति के सदस्य सभी व्यवसाइयों से चर्चा कर बाजार में लोडिंग और अनलोडिंग का समय निर्धारित करें, ताकि यातायात व्यवस्थित हो सके। इसके साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से सभी दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों पर सीसीटीव्ही कैमरे स्थापित करें। उन्होंने यह भी कहा कि दाल बाजार में दुकानों पर काम करने वाले व्यक्तियों के वाहनों की पार्किंग के लिये भी जगह निर्धारित कर पार्किंग कराई जाए, ताकि आने-जाने में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। दाल बाजार व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने बैठक में आश्वस्त किया कि दाल बाजार में हाथ ठेले खड़े न हों, यह सुनिश्चित किया जायेगा। इसके साथ ही लोडिंग, अनलोडिंग के लिये समय निर्धारित करने के संबंध में सभी दुकानदारों से चर्चा कर समय निर्धारित करने की कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि व्यवसाइयों एवं उनकी दुकानों पर काम करने वाले कर्मचारियों के वाहन भी निर्धारित स्थल पर ही पार्क हों, यह भी सुनिश्चित किया जायेगा।

LEAVE A REPLY