जिले में माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हायर सेकेण्ड्री की परीक्षायें शुरू हो चुकी हैं। हाईस्कूल की परीक्षा 27 फरवरी को हिंदी विषय के पेपर के साथ शुरू होंगीं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिले में संचालित सभी अशासकीय अर्थात प्रायवेट विद्यालयों के प्राचार्यों व संचालकों को आगाह करते हुए कहा है कि वे बोर्ड परीक्षाओं के विद्यार्थियों को परीक्षा से पहले ही प्रवेश पत्र उपलब्ध करा दें। यदि प्रवेश पत्र न मिलने की वजह से कोई भी विद्यार्थी परीक्षा से वंचित रहा तो संबंधित प्रायवेट स्कूल के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी।
इस सिलसिले में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जिले के समस्त अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों को नि:शुल्क शिक्षा अधिकार अधिनियम एवं शिक्षा संहिता में वर्णित प्रावधानों का उल्लेख करते हुए स्पष्ट रूप से निर्देशित कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा है कि वे बच्चों का मनोबल बढ़ाएँ और सभी को समय से प्रवेश पत्र उपलब्ध करा दें।












