पानीपत – पानीपत के मनाना गांव फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। देर रात हुए हादसे के बाद दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया। जहां उनका पोस्टमार्टम किया गया। बताया जा रहा है दोनों भाई किसी दोस्त की बर्थडे पार्टी से घर वापस लौट रहे थे।
परिजनों ने बताया कि 23 वर्षीय श्यामलाल और 19 वर्षीय सागर दोनों पानीपत के खंड समालखा के भरत नगर के रहने वाले थे और दोनों आपस में चचेरे भाई थे। शाम को किसी दोस्त की बर्थडे पार्टी पर गए हुए थे। लेकिन नहीं लौटे तो दोनों की तलाश शुरू हुई।
इस बीच पता चला कि मनाना फाटक के पास कोई ट्रेन हादसा हुआ है और दो युवकों की मौत हो गई है। जब परिजनों ने वहां जाकर देखा तो दोनों के शवों के हादसे के कारण टुकड़े टुकड़े हो चुके थे। बड़ा भाई श्यामलाल 2 बच्चियों का पिता है और सागर की अभी रिश्ते की बात चल रही थी।
मामले की सूचना पाकर तुरंत जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे और दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है।











