सुकमा में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में सात नक्सली मारे गए, एएसआई समेत 3 पुलिसकर्मी शहीद

0
94

रायपुर – छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच शनिवार सुबह मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में सात नक्सली मारे गए हैं, जबकि एक सहायक उपनिरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मी शहीद हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि सुकमा जिले के जगरगुंडा और कुंदेड़ गांव के मध्य सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई।

 सुकमा में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में सात नक्सली मारे गए, एएसआई समेत 3 पुलिसकर्मी शहीद

जिसमें डीआरजी के सहायक उपनिरीक्षक रामूराम नाग, सहायक आरक्षक कुंजराम जोगा और सैनिक वंजाम भीमा शहीद हो गए।

अधिकारियों ने बताया शनिवार सुबह जगरगुंडा थाना से डीआरजी की टीम को गश्त के लिए रवाना किया गया था। यह टीम जब सुबह नौ बजे जगरगुंडा और कुंदेड़ गांव के मध्य थी तभी नक्सलियों ने पुलिस दल पर हमला कर दिया। इस हमले में एक सहायक उपनिरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मी शहीद हो गए। हालांकि, इस कार्रवाई में 6 से 7 नक्सली भी मारे गए हैं।
एसपी सुनील शर्मा ने बताया कि पीएलजीए नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई। जिसमें तीन जवान मारे गए हैं। इस घटना में कोई भी जवान घायल नहीं हुआ है। सभी जवान सुरक्षित कैंप पहुंच चुके हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों की गोलीबारी के बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। जिसमें अभी तक 7 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूरे मामले में अधिक जानकारी जुटाई जा रही है। सुकमा के जिस क्षेत्र में ये घटनाक्रम हुआ वहां नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।

LEAVE A REPLY