रायपुर पहुंची प्रियंका, एयरपोर्ट पर किया गया जोरदार स्वागत, रास्ते में कार्यकर्ताओं ने बरसाई गुलाब की पंखुड़ियां

0
111

रायपुर – छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर शहर में हो रहे कांग्रेस के 85वें राष्ट्रीय अधिवेशन में हिस्सा लेने के लिए शनिवार सुबह कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी रायपुर पहुंच गई हैं। रंगीन पारंपरिक परिधानों में सजे लोक कलाकारों ने मार्ग के किनारे स्थापित लंबे मंच पर अपनी प्रस्तुति दी। प्रियंका गांधी वाड्रा ने हाथ हिलाकर सड़क पर खड़े कार्यकर्ताओं का अभिवादन और उत्साहवर्धन किया। उनके साथ मौजूद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रास्ते में प्रियंका गांधी वाड्रा पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं।

 रायपुर पहुंची प्रियंका, एयरपोर्ट पर किया गया जोरदार स्वागत, रास्ते में कार्यकर्ताओं ने बरसाई गुलाब की पंखुड़ियां

प्रियंका गांधी शनिवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचीं, जहां छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम और पार्टी के अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। प्रियंका गांधी वाड़्रा के स्वागत के लिए विमानतल पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और उनके समर्थक मौजूद थे। उनके विमानतल पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे लहराए और उनके समर्थन में नारे लगाए।

इसके बाद प्रियंका मुख्यमंत्री बघेल के साथ एक कार में सवार होकर विमानतल से बाहर निकलीं। उनके साथ चल रहे वाहनों के लंबे काफिले में राज्य के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा वह इस तरह के भव्य स्वागत को देखकर अभिभूत हो गई हैं। रायपुर शहर के महापौर एजाज ढेबर ने बताया सड़क को सजाने के लिए छह हजार किलोग्राम से अधिक गुलाब का इस्तेमाल किया गया है। मैं हमेशा हमारे वरिष्ठ नेताओं के स्वागत के लिए कुछ नया करने की कोशिश करता हूं।
ढेबर ने बताया राष्ट्रीय अधिवेशन स्थल के रास्ते में विभिन्न स्थानों पर प्रियंका गांधी वाड्रा के स्वागत के लिए मंच बनाया गया जहां समर्थकों ने उन पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं। नवा रायपुर में 24 से 26 फरवरी तक हो रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में आने वाले नेताओं के स्वागत के लिए विमानतल से अधिवेशन स्थल तक की सड़क को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के रंग-बिरंगे पोस्टरों और होर्डिंग्स से सजाया गया है। होर्डिंग्स में देश को एकजुट करने और प्रेम फैलाने के लिए भारत जोड़ो यात्रा के दौरान प्रचारित संदेश लिखे हैं।

LEAVE A REPLY