लुधियाना – पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर पंजाब मंत्रिमंडल ने शोक व्यक्त किया। कैबिनेट की बैठक से पहले सीएम भगवंत मान के नेतृत्व में मंत्रिपरिषद ने 2 मिनट का मौन रख कर अकाली नेता को श्रद्धांजलि दी।
एक बयान में कहा गया है कि मंत्रिपरिषद ने दिवंगत बादल को श्रद्धांजलि दी और ईश्वर से शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने का साहस प्रदान करने की कामना की। यह कैबिनेट की बैठक चंडीगढ़ के बाहर लुधियाना के सर्किट हाउस में हुई।
पंजाब के पांच बार मुख्यमंत्री रहे बादल का मंगलवार को निधन हो गया था। बादल की तबीयत ठीक नहीं थी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद 16 अप्रैल को उन्हें मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बादल का अंतिम संस्कार पंजाब के मुक्तसर जिले में स्थित उनके पैतृक गांव में राजकीय सम्मान से किया गया था।






