हजारीबाग – झारखंड मुक्ति मोर्चा ने हजारीबाग में अपना 44वां स्थापना दिवस मंगलवार को संत कोलंबा स्टेडियम में मनाया । इस दौरान झारखंड सरकार के मंत्री चंपई सोरेन ने एलान किया कि 1932 के खतियान के आधार पर ही स्थानीय नीति बनाई जाएगी ।![]()
इसके लिए आंदोलन भी किया जाएगा और दिल्ली नियोजन नीति पर अपना मुहर लगाएगी । झारखंड मुक्ति मोर्चा आंदोलन के बल पर आने वाले दिनों में झारखंडी को अपना अधिकार दिलाकर रहेगी । उन्होंने हजारीबाग में झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्थापना दिवस पर सरकार के कार्यों की जानकारी आम लोगों को दी और बताया कि यही वह सरकार है, जो विकास योजनाओं को धरातल पर उतार रही है ।
मंत्री चंपई सोरेन ने आम जनता को विश्वास दिलाया कि हेमंत सरकार आपकी सरकार है, जो सभी वंचितों को भी न्याय दिलाएगी । दो साल कोरोना ने बर्बाद कर दिया , फिर भी डेढ़ साल में इस सरकार ने वह कर दिखाया, जो 17 साल में नहीं हुआ । चंपई सोरेन ने कहा कि हम लोग विशेषकर शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रहे हैं । गिरिडीह में पहला आवासीय विद्यालय शुरू होने जा रहा है और उसी तर्ज पर सभी प्रमंडल में आवासीय विद्यालय बनाए जाएंगे ।
सरकारी स्कूल को मॉडल स्कूल बनाया जाएगा, जो प्राइवेट स्कूल से भी बढ़िया होगा । बच्चों को इसलिए पढ़ाया जा रहा है, ताकि वे अपने अधिकार और न्याय के लिए आवाज उठा सकें । 125 छात्रों को हेमंत सरकार ने पढ़ाई के लिए विदेश भेजा है, जो हमारी दूरदर्शिता को दर्शाता है ।
किसान मजदूर का दर्द सिर्फ और सिर्फ जेएमएम जानती है लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने आम जनता को ठगने का काम किया है और युवाओं को दिग्भ्रमित करने का काम । हम लोगों ने 1932 का खतियान लागू किया, लेकिन भाजपा सरकार ने षड्यंत्र कर उसे धरातल पर उतरने नहीं दिया ।











