नई दिल्ली – दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा है कि ऑलराउंडर युवराज सिंह को कैंसर होने की जानकारी साथी खिलाड़ियों को नहीं थी। युवराज ने विश्वकप में शानदार प्रदर्शन किया था और इसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का अवार्ड भी मिला था। हरभजन ने यहां तक कहा कि युवराज नहीं होते तो हम विश्वकप नहीं जीत पाते।
वहीं अब हरभजन ने कहा कि टीम के साथी खिलाड़ी युवराज की स्थिति से अनजान थे और उनका मजाक उड़ाते थे। वह लगातार खांसते रहते थे जिसका साथी खिलाड़ी मजाक भी उड़ाते थे। युवराज अस्वस्थ थे और मैचों से पहले उन्हें एंग्जाइटी का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने साथ ही कहा, बल्लेबाजी करते हुए भी उन्हें खांसी आती थी, कभी-कभी उल्टियां भी होती थीं। मैं उससे पूछता था ‘तुम इतनी खांसी क्यों करते हो? अपनी उम्र देखो और तुम क्या कर रहे हो!’ लेकिन हमें नहीं पता था कि वह किस दौर से गुजर रहा है और उसने उस बीमारी के दौरान विश्व कप खेला।
भज्जी ने कहा, बाद में उन्हें पता चला कि ये कैंसर के लक्षण हैं लेकिन तब हम उसका मजाक उड़ा रहे थे, क्योंकि हमें स्थिति की जानकारी नहीं थी, लेकिन चैंपियन को सलाम। युवराज ने 2011 के विश्कप कप के अलावा चार साल पहले दक्षिण अफ्रीका में खेले गए 2007 के टी20 विश्वक कप में भी शानदार प्रदर्शन किया था।
युवराज सिंह ने आईसीसी टी20 वर्ल्डकप 2007 के दौरान इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉज के एक ओवर में लगातार 6 छक्के जड़ने का कारनामा किया था। हरभजन ने यहां तक दावा किया कि अगर युवराज 2011 एकदिवसीय विश्व कप टीम का हिस्सा नहीं होते तो भारत खिताब नहीं जीत पाता।












