भोपाल – भोपाल क्राइम ब्रांच ने लोन दिलाने के नाम पर 18 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों के खिलाफ़ मामला दर्ज किया है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी हर्ष यादव ने लिखित शिकायती आवेदन देते हुए बताया कि वह बीए की पढ़ाई कर रहा है।
उसका परिचय लोन कंपनी में काम करने वाले रोहन से हुआ था। दोस्ती बढ़ने पर रोहन ने अपने एक अन्य साथी की मदद से हर्ष को लोन दिलाने का झांसा दिया। उनके झांसे में आकर हर्ष जब लोन लेने को तैयार हो गया, तब दोनो शातिर आरोपियों ने बैंक एकाउंट को अपडेट करने के नाम पर उसकी व्यक्तिगत जानकारी हासिल की और हर्ष के बैंक खाते का नया एटीएम और बैंक किट अपूर्वल कराकर उसे 18 लाख रुपए की चपत लगा दी।
बाद में धोखाधड़ी का पता चलने पर छात्र ने इसकी लिखित शिकायत की थी। शिकायत की जॉच के बाद पुलिस ने दोनो आरोपियो के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरु कर दी है।
अधिकारियो ने बताया कि पूरे मामले को लेकर बैंक से भी पत्र व्यवहार करके यह जानकारी जुटाई जा रही है, कि ठगी की 18 लाख रुपए की रकम किस खाते में जमा की गई है।












