रामगढ़ – आगामी होली एवं शबे बारात पर्व को लेकर सोमवार को उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जावेद हुसैन ने पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से आयोजन हेतु शांति समिति के सदस्यों को कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान अगर कहीं से भी लाउडस्पीकर के माध्यम से अश्लील गाने बजाने अथवा रात्रि 10:00 बजे के बाद लाउडस्पीकर/ डीजे का इस्तेमाल किया जाता है तो संबंधित पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जावेद हुसैन ने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को उनके क्षेत्र में वैसे व्यक्ति जो कि पर्व के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ सकते हैं उनके खिलाफ धारा 107 के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने शांति समिति के सभी सदस्यों से उनके क्षेत्र में किसी भी प्रकार से सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा अफवाह फैलाने से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्वरित जिला प्रशासन को देने की अपील करते हुए सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को मामलों पर तुरंत संज्ञान लेने एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया वहीं उन्होंने पर्व के दौरान सोशल मीडिया पर विशेष ध्यान रखने एवं किसी भी प्रकार की अफवाह पर तुरंत संज्ञान लेने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी ने पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन के मद्देनजर यातायात निरीक्षक को सघन वाहन जांच अभियान चलाने एवं नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने विद्युत कार्यपालक अभियंता एवं अग्निशमन अधिकारियों को पर्व के दौरान अलर्ट मोड पर रहने एवं किसी प्रकार की सूचना आने पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।बैठक के दौरान सहायक आयुक्त उत्पाद को होली के दिन जिले के सभी शराब दुकानों को बंद रखना सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया वही उप विकास आयुक्त ने पर्व के मद्देनजर व्यापक रूप से जांच अभियान चलाकर अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को वैसे क्षेत्र जहां शांति समिति की बैठक नहीं हुई है वहां जल्द से जल्द शांति समिति की बैठक करने एवं पर्व के दौरान ध्यान देने योग्य महत्वपूर्ण जानकारियां सदस्यों को देने का निर्देश दिया गया।बैठक के दौरान शांति समिति के सभी सदस्यों से जिला स्तरीय बैठक में दी गई जानकारियों को अपने क्षेत्र में अंतिम स्तर तक पहुंचाने की अपील की गई। बैठक के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, शांति समिति के सदस्यों सहित अन्य उपस्थित थे।






