गाटर वाली पुलिया के पास से 2 कट्टे-3 कारतूस के साथ दबोचा
सिटी रिपोर्टर, ग्वालियर।
ग्वालियर की हजीरा पुलिस ने एक दुकानदार पर फायरिंग करने वाले 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो कट्टे और तीन कारतूस भी बरामद हुई है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को उसी जगह ले जाया गया, जहां उन्होंने फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। बदमाशों की पहचान बिरला नगर निवासी सत्यवीर पिता हरि सिंह जाट (20), रसूलाबाद निवासी देव कुमार उर्फ गोलू आर्य पुत्र गोपाल सिंह के रूप में हुई है। सत्यवीर के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से इन्हें जेल भेज दिया गया। हजीरा थाना प्रभारी मंगल सिंह सेंगर को सर्चिंग कर बदमाशों को गिरफ्तार करने का टास्क दिया। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें दबोच लिया गया।
डिस्पोजल की दुकान चलाते हैं सिकरवार
हजीरा थाना क्षेत्र के बिरला नगर लाइन नंबर 10 निवासी तेजबहादुर सिंह उर्फ काली सिकरवार अपने घर डिस्पोजल की दुकान चलाते हैं। 10 नवंबर 2024 को वे दोस्त मोनू चौहान, राजू भदौरिया और रमेश सिकरवार के साथ दुकान में बैठे थे। तभी सत्यवीर जाट अपने दो साथी देव कुमार उर्फ गोलू और एक अन्य के साथ मोटरसाइकिल से पहुंचा। वह हाथ में कट्टा लिए था। सत्यवीर जाट ने रमेश सिकरवार से गाली-गलौज करते हुए फायरिंग कर दी। फिर तेज बहादूर पर भी दो फायर किए। फायरिंग होता देख तेज बहादुर ने दुकान का शटर बंद कर दिया। इसके बाद तीनों बदमाश धमकी देते हुए फरार हो गए। तभी से पुलिस उनकी तलाश मे्ं जुटी थी।












