एसडीएम अतुल सिंह के नेतृत्व में गई संयुक्त टीम ने हटवाए अतिक्रमण
7 पक्की दुकानें, 18 टीनशेड, 13 गुमटी व एक पक्का मकान सहित अन्य अतिक्रमण हटाए गए
निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमण शुक्रवार को जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस व लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम द्वारा हटवाए गए। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर गई संयुक्त टीम ने 7 पक्की दुकानें, 18 टीनशेड, 13 गुमटी व एक पक्का मकान सहित अन्य अतिक्रमण नगर निगम के मदाखलत दस्ते की मदद से हटाए।
एसडीएम अतुल सिंह ने बताया कि इन अतिक्रमणों की वजह से अत्यंत महत्वपूर्ण इस फोर लेन सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो पा रहा था। उन्होंने बताया कि मोतीझील की ओर लगभग 400 मीटर लम्बाई में यह अतिक्रमण थे। दीपावली से पहले संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण करने वाले लोगों को स्वत: ही अतिक्रमण हटाने के लिये समझाया गया था। साथ ही नगर निगम द्वारा सभी को विधिवत नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के लिये पूरा मौका दिया गया । लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई जा रही इस सड़क मार्ग में बाधा बन रहे अतिक्रमण हट जाने से अब सड़क का काम जल्द से जल्द पूर्ण हो सकेगा।
शुक्रवार को एसडीएम अतुल सिंह के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने के लिये गई संयुक्त टीम में अपर आयुक्त नगर निगम मुनीष सिकरवार , भवन अधिकारी यशवंत मैकले , मदाखलत अधिकारी केशव सिंह चौहान, क्षेत्राधिकारी विशाल गर्ग तथा क्षेत्रीय तहसीलदार सहित लोक निर्माण, राजस्व, पुलिस एवं नगर निगम का मदाखलत अमला शामिल था।












