स्मार्ट जोन में उपभोक्ता फ्रैंडली सुविधायें मिलेंगी
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कि ग्वालियर शहर की विद्युत वितरण व्यवस्था की समीक्षा
ग्वालियर ।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि 33 केव्ही फीडर पर ट्रिपिंग शून्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि11 केव्ही फीडर का भी इस प्रकार रख रखाव किया जाए कि वहां ट्रिपिंग न्यूनतम हो और यदि ट्रिपिंग होती है तो उस 11 केव्ही फीडर के रखरखाव और फोल्ट का विशलेषण होना चाहिए। विनय नगर जोन को स्मार्ट जोन में एक माह में बदल दिया जाएगा और यह स्मार्ट जोन उपभोक्ता फ्रैंडली होगा।
ऊर्जा मंत्री रविवार 27 नवम्बर को ग्वालियर में रोशनी घर स्थित बिजली ऑफिस में ग्वालियर शहर की विद्युत वितरण व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ट्रिपिंग को लेकर अधिकारियों को गंभीर होना चाहिए क्योंकि इससे बिजली कंपनी की छवि खराब होती है। यदि यह पाया गया कि लापरवाही के कारण ट्रिपिंग हो रही है तो संबंधित जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में निर्देशित किया गया कि खराब तथा झुके हुए खम्बों को तुरंत दुरूस्त किया जाए। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि जिन फीडरों पर ट्रिपिंग शून्य होगी उससे संबंधित कर्मचारियों को उनके द्वारा पुरूस्कृत किया जाएगा। उपभोक्ता शिकायतों को हल करने के लिये रिस्पोंस टाइम 45 मिनट का है, जिसे घटाने की आवश्यकता है ताकि उपभोक्ता संतुष्टि में वृद्धि हो सके। बिलिंग संबंधी शिकायतों के गंभीरता से लिया जाकर निर्धारित समय सीमा में हल किया जाए। खराब एवं जले मीटरों को तत्काल बदला जाए।
ऊर्जा मंत्री ने ग्वालियर शहर में नये विद्युत उपकेन्द्रों के निर्माण कार्य, नई लाइनों के साथ साथ अन्य विद्युत विकास के कार्यों को जलदी पूर्ण करने के निर्देश दिये। विद्युत वितरण कंपनी की महिला कार्मिकों के लिये प्रत्येक कार्यालय में प्रथक से शौचालय बनाये जायें । ग्वालियर शहर के प्रमुख चौराहों के आस पास लगे ट्रांसफार्मर एवं उपकेन्द्रों को रंग रोगन कर सुंदर बनाया जाए।
ऊर्जा मंत्री ने सभी मैदानी अधिकारियों को निर्देश दिये कि उपभोक्ताओं से लोक व्यवहार के दौरान शालीनता बर्ती जाए और ऐसा व्यवहार किया जाए जिससे कि बिजली कंपनी की छवि और अच्छी हो सके। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक ग्वालियर क्षेत्र राजीव गुप्ता, भोपाल से आये ओएसडी ऊर्जा मंदार पुराणिक, महाप्रबंधक शहर नितिन मांगलिक, महाप्रबंधक ग्रामीण दिनेश सुखीजा सहित सभी मैदानी अधिकारी उपस्थित थे।












