लाल टिपारा गौ-शाला सहित जिले की आठ गौ-शालाओं को मिली लगभग 2.93 करोड़ की अनुदान राशि 

0
120
गौवंश के भरण-पोषण के लिये राज्य गौ संवर्धन बोर्ड ने उपलब्ध कराई है यह धनराशि 
ग्वालियर  – आदर्श गौशाला लाल टिपारा सहित जिले में संचालित आठ गौशालाओं को मध्यप्रदेश गौ संवर्धन बोर्ड द्वारा लगभग 2 करोड़ 92 लाख 73 हजार रूपए की अनुदान राशि उपलब्ध कराई गई है। कलेक्टर  अक्षय कुमार सिंह की अध्यक्षता में गठित जिला गौपालन एवं पशुधन संवर्धन समिति द्वारा यह धनराशि संबंधित गौशालाओं को गौवंश के भरण-पोषण अर्थात भूसा, चारा व दाना इत्यादि के लिए वितरित कर दी गई है।
उप संचालक पशुपालन एवं सचिव जिला गौपालन एवं पशुधन संवर्धन समिति  अशोक सिंह तोमर ने बताया कि आदर्श गौशाला लाल टिपारा को 2 करोड़ 53 लाख 45 हजार से अधिक अनुदान राशि उपलब्ध कराई गई है। इसी तरह सुरभि गौशाला केन्द्रीय जेल को लगभग 9 लाख 14 हजार, केदारधाम गौशाला एवं जैव कृषि अनुसंधान केन्द्र को लगभग 6 लाख 4 हजार, पीपुल्स फॉर एनीमल रायरू को लगभग 4 लाख 18 हजार,  गोविंद गौशाला कुलैथ को लगभग 3 लाख 21 हजार,  देवनारायण धाम गौसेवा एवं पर्यावरण समिति सिरसा को लगभग 3 लाख 10 हजार, नगर पंचायत पिछोर की गौशाला को लगभग 7 लाख 44 हजार एवं माँ पर्वती गौशाला नगर पंचायत भितरवार को 6 लाख 16 हजार से अधिक अनुदान राशि उपलब्ध कराई गई है। 
उप संचालक पशुपालन  तोमर ने बताया कि इस अनुदान राशि में से 75 प्रतिशत राशि सीधे संबंधित गौशालाओं को भूसा व चारा की व्यवस्था और 25 प्रतिशत राशि दुग्ध संघ को इन गौशालाओं को दाना उपलब्ध कराने के लिये दी गई है। यह अनुदान राशि 155 दिनों की व्यवस्था के लिए उपलब्ध कराई गई है।

LEAVE A REPLY