24 फरवरी को होगा समाधान आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन
ग्वालियर – उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर के प्रशासनिक न्यायाधिपति रोहित आर्या के निर्देश पर उच्च न्यायालय खंडपीठ ग्वालियर के क्षेत्रान्तर्गत आने वाले सभी जिलों में 24 फरवरी को “समाधान आपके द्वार” योजना के पांचवें चरण का आयोजन होने जा रहा है। इस संबंध में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ग्वालियर पी सी गुप्ता ने बैठक आयोजित कर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने व्यक्तिगत रूचि लेकर राजस्व, पुलिस, विद्युत, वन, नगर निगम, नगर पालिका व न्यायालय के प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल, सीजेएम चौधर सिंह शैय्याम, नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह, मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के चीफ इंजीनियर राजीव गुप्ता, अभियोजन अधिकारी प्रवीण दीक्षित, जिला विधिक सहायता अधिकारी दीपक शर्मा सहित पुलिस, आबकारी व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।












