ग्वालियर – में पुलिस पार्टी और भाजपा के पूर्व पार्षद के बीच विवाद हो गया। विवाद एक आरोपी को छुड़ाने को लेकर हुआ। भाजपा के पूर्व पार्षद का आरोप है कि पुलिस एक मजदूर को नाजायज सता रही थी, जिस पर उन्होंने आपत्ति जताई है। वहीं पुलिस का तर्क है कि आरोपी शराब पीकर उत्पात मचा रहा था, जिसके बाद उसे थाने लाया गया है। पुलिस के अनुसार मेडिकल कराया गया है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद विधि संगत कार्रवाई की जाएगी।
ग्वालियर थाने में भाजपा के पूर्व पार्षद और वर्तमान पार्षद के बेटे गुड्डू रत्नाकर ने अपने समर्थकों के साथ जमकर हंगामा काटा।दरअसल पुलिस को सूचना मिली थी कि गौस पुरा नंबर 1में शराब पीकर कुछ लोग उत्पात मचा रहे हैं। इसी सूचना पर पुलिस पार्टी ने मौके पर दविश दी और अनुज नामक एक आरोपी को दबोच लिया। अनुज, गौसपुरा निवासी है।
इस बीच भाजपा के पूर्व पार्षद और वार्ड 11 के वर्तमान पार्षद के बेटे गुड्डू रत्नाकर मौके पर पहुंच गए और पुलिस के साथ उनकी तीखी नोंकझोंक हो गई। मामला राजनीतिक रंग लेता देख पुलिस आरोपी को ले थाने आई। पीछे से भाजपा नेता गुड्डू रत्नाकर भी अपने समर्थकों के साथ आ थाने में आ धमके। भाजपा नेता का कहना है कि पुलिस ने जिस अनुज नामक आरोपी को पकड़ा है वह पेशे से मजदूर है और पुलिस उसे अवैध शराब कारोबारी बता रही है। इतना ही नहीं गुड्डू रत्नाकर का दावा है कि अनुज उसका पड़ोसी है और उसका अवैध शराब कारोबार से कोई लेना देना नहीं है।
बाबजूद इसके पुलिस अनुज को झूठे केस में फसाना चाह रही है।वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र वर्धमान का तर्क है कि शराबियों के उत्पात की सूचना पर पुलिस ने अनुज को मौके से पकड़ा है और मेडिकल करा कर घर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का मेडिकल कराया है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद विधि संगत कार्रवाई की जाएगी।












