प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने सदाशिव नगर में लगाई जन चौपाल, अधिकारियों को दिए समस्या निराकरण के निर्देश
ग्वालियर।
प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने आज ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सदाशिव नगर में देर शाम जन चौपाल लगाकर आम नागरिकों की समस्याओं को सुना तथा जलभराव की समस्या के निराकरण के लिए नगर निगम के अमले को 24 घंटे का समय देते हुए कहा कि 24 घंटे के अंदर जलभराव की समस्या का निराकरण करें और क्षेत्र के किसी भी घर में बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति ना बने यह सुनिश्चित करें। जन चौपाल के दौरान कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह, सीईओ स्मार्ट सिटी श्रीमती नीतू माथुर, एसडीएम अतुल सिंह, अपर आयुक्त आरके श्रीवास्तव, मुनीष सिंह सिकरवार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने आज सोमवार को सुबह मेवाती मोहल्ला, सदाशिव नगर एवं इंदिरा नगर आदि क्षेत्रों में निरीक्षण कर आम नागरिकों से चर्चा की तथा विभिन्न समस्याओं के बारे में जानकारी ली इसके बाद आज शाम को ही सदा शिवनगर में जन चौपाल लगाकर नागरिकों की समस्याएं सुनी और प्रशासनिक एवं निगम के अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि उपनगर ग्वालियर के साथ ही शहर के सभी क्षेत्रों में सीवर समस्या के निराकरण के लिए एक ऐसा नंबर प्रसारित करें जिससे जहां भी समस्या हो नागरिक तत्काल शिकायत कर समस्या का निराकरण करा सके और वरिष्ठ अधिकारी इसकी निरंतर मॉनिटरिंग करें । संबंधित अधिकारी सुनिश्चित करें कि बारिश के दौरान कहीं भी जलभराव की स्थिति ना बने। इसके साथ ही सड़कों के गड्ढे एवं स्ट्रीट लाइट की समस्या का भी अधिकारी त्वरित निराकरण करें।
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने क्षेत्र के नागरिकों से कहा कि आपकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाएगा और मैं पुनः यहां निरीक्षण करने आऊंगा।
कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरंतर मॉनिटरिंग कर समस्याओं का निराकरण करें।












