ग्वालियर के पुलिस थानों की सीमा में होगा बदलाव 

0
185
  –  ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के 42 गाँव एवं मजरे-टोलों के पुलिस थाने बदलेंगे 
  – वर्तमान में यहाँ के गाँवों के निवासियों को थाने जाने के लिए 25 से 30 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही है 
ग्वालियर –  ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में स्थित 42 गाँव व मजरे-टोले जल्द ही नजदीकी पुलिस थानों से जोड़े जायेंगे। पुलिस थानों की सीमा में होने जा रहे इस बदलाव से इन गाँवों व मजरे-टोलों के निवासियों को पुलिस से संबंधित समस्याओं के निराकरण के मकसद से थाना तक पहुँचने के लिए ज्यादा दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
वर्तमान में ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के कुछ गाँव व मजरे-टोले दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में स्थित पुलिस थानों से जुड़े हैं। पुलिस संबंधी कामों के लिये यहाँ के कुछ गाँवों के निवासियों को अभी 25 से 30 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही है।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी  अक्षय कुमार सिंह द्वारा ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के पुलिस थानों की सीमा में परिवर्तन करने के संबंध में अधिसूचना प्रकाशन के लिये शासकीय मुद्रणालय को भेज दी गई है।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी  सिंह ने दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा-02 खण्ड (ड) के अनुसार यह अधिसूचना जारी की है।
अधिसूचना प्रकाशन के 45 दिवस के भीतर कलेक्टर कार्यालय में पुलिस थानों की सीमा परिवर्तन के संबंध में आपत्तियाँ दर्ज कराई जा सकेंगीं।

LEAVE A REPLY