घर-घर दस्तक देकर महिलाओं को एक दिन पहले वितरित कराएँ पंजीयन पर्ची

0
90

कलेक्टर श्री सिंह ने ली शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के पर्यवेक्षण अधिकारियों की अलग-अलग बैठक

 ग्वालियर – 01 अप्रैल 2023/ सभी नोडल अधिकारी हर दिन सुबह साढ़े सात बजे तक अपने कार्य क्षेत्र के पंजीयन केन्द्रों पर पहुँचें और लॉगइन कराकर हर हाल में प्रात: 8 बजे तक पंजीयन का काम शुरू कराएँ। इसमें किसी भी प्रकार की ढ़िलाई न हो। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने “मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना” के पर्यवेक्षण के लिये नियुक्त नोडल अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं का पंजीयन किया जाना है उनसे घर-घर संपर्क कर उन्हें एक दिन पहले पंजीयन पर्ची (टोकन) अनिवार्यत: वितरित कराई जाएँ। महिलाओं को एक दिन पहले यह टोकन 2 से 3 घंटे के स्लॉट के हिसाब से दिए जाएँ, जिससे महिलाओं को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और पंजीयन स्थल पर भीड़ जमा न हो।

शनिवार को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के नोडल अधिकारियों की अलग-अलग बैठक लेकर कलेक्टर श्री सिंह ने लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक हुए पंजीयन की समीक्षा की। साथ ही पंजीयन में आ रही कठिनाईयों व समस्याओं का निराकरण भी किया। यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आशीष तिवारी एवं अपर कलेक्टर श्री एच बी शर्मा सहित जिले के एसडीएम, कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास श्री राहुल पाठक एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में जोर देकर कहा कि पंजीयन स्थल पर ई-केवायसी करने के लिये भी अलग से काउण्टर बनाएँ। व्यवस्था ऐसी हो जिससे जिस महिला को पंजीयन कराना है वह पंजीयन काउण्टर पर और जिस महिला को ई-केवायसी कराना है वह ई-केवायसी काउण्टर पर पहुँचे। घर-घर संपर्क कर महिलाओं को पहले से ही बता दिया जाए कि उन्हें पंजीयन स्थल पर किस काउण्टर पर जाना है।

उन्होंने ई-केवायसी के काम की जिम्मेदारी आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को सौंपने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं महिला व बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षक इस काम को बेहतर ढंग से अंजाम दिलाएँ। कलेक्टर ने यह भी कहा कि जितनी मेहनत अधिकारी कर रहे हैं उसके परिणाम भी मौके पर दिखने चाहिए। उन्होंने कहा कि आप सबके प्रयासों की बदौलत शनिवार को पंजीयन में उल्लेखनीय इजाफा सामने आया है। इसे और ऊँचाईयों तक पहुँचाने की जरूरत है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आशीष तिवारी ने बैठक में नोडल अधिकारियों को आश्वस्त किया कि आप सबके द्वारा जिन केन्द्रों पर मानव संसाधन की कमी बताई गई है उसे दूर कर दिया जायेगा।

केवल निरीक्षण भर नहीं, नोडल अधिकारी खुद भी करें पंजीयन

कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का काम केवल विभागीय दायित्व समझकर ही न करें, अपितु इसे परोपकार समझकर अंजाम दें। महिला सशक्तिकरण के जरिए बेहतर समाज के निर्माण के उद्देश्य से सरकार ने यह योजना शुरू की है। उन्होंने कहा कि सभी नोडल अधिकारी निरीक्षण के दौरान पंजीयन कर रहे कर्मचारियों का सहयोग करें और खुद भी पंजीयन करके दिखाएँ। साथ ही पंजीयन स्थल पर ऐसी व्यवस्था बनाएँ, जिससे भीड़ जमा न हो।

पंजीयन के लिये शिफ्ट में ड्यूटी लगाने के निर्देश

कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने बैठक में कहा कि पंजीयन का काम प्रात: 8 बजे से लेकर रात्रि 9 बजे तक किया जाना है। इसलिए हर दिन दो शिफ्टों में अर्थात पहली शिफ्ट में प्रात: 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक और दूसरी शिफ्ट में दोपहर 2 बजे से रात्रि 9 बजे तक ड्यूटी लगाई जाए।

LEAVE A REPLY