ग्वालियर -ग्राम रोजगार सहायक संगठन ने अपनी समस्याओं के निराकरण हेतु शनिवार को ग्वालियर सांसद विवेक नारायण शेजवलकर को ज्ञापन सौंपा। सांसद शेजवलकर ने तुरन्त प्रभाव से उनके ज्ञापन में उल्लेखित बिन्दुओं के निराकरण हेतु मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी को पत्र प्रेषित किया है। सांसद शेजवलकर ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में उल्लेख किया है कि काफी लम्बे समय से ग्राम रोजगार सहायक की मांग रही है, इनके वेतन में वृद्धि की जाय।

उन्हें बताया गया है कि वर्तमान में इन रोजगार सहायकों को अंशकालिक कर्मचारी के रूप में लगभग एक दशक से अधिक समय से मात्र 09,000/- रूपये प्रतिमाह प्राप्त हो रहे है। वर्ष 2013 में शासन ने इन कर्मचारियों को मध्य प्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1933 की धारा 69 के प्रावधानों के अनुरूप सहायक सचिव के पद पर नियुक्ति देने का निर्णय लिया था। म.प्र. शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित जन कल्याणकारी योजनायें व मनरेगा के कार्यान्वयन में ग्राम रोजगार सहायकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
लगभग सभी ग्राम रोजगार सहायक प्रशिक्षित कम्प्यूटर ऑपरेटर्स है। अंशकालिक कर्मचारी होने के उपरांत भी जिला प्रशासन व अन्य शासकीय विभागों द्वारा भी समय-समय पर इनकी सेवायें ली जाती है। ग्रामीण क्षेत्र की जनता से इनका सतत् सीधा संपर्क होने से इन्हें प्रोत्साहन दिया जाना जनहित व शासन के हित में भी होगा।
सांसद शेजवलकर ने मुख्यमंत्री से ग्राम रोजगार सहायकों की समस्याओं पर विचार कर उचित निर्णय लेने का अनुरोध किया है।












