नई दिल्ली – पेगासस को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के बयान पर पलटवार कर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि पेगासस राहुल गांधी के दिलो-दिमाग में बैठ गया है। विदेशी धरती से बार-बार देश को बदनाम करना उनकी आदत में शामिल है। राहुल गांधी एक बार फिर विदेशी धरती पर रोने-धोने का काम कर रहे हैं। पेगासस को लेकर राहुल के बयान पर तीखा पलटवार कर ठाकुर ने सवाल पूछा कि पेगासस का आरोप लगाने वाले राहुल गांधी की क्या मजबूरी थी कि उन्होंने जांच के लिए अपना मोबाइल जमा नहीं करवाया? वहां नेता (राहुल गांधी) जो भ्रष्टाचार के मामले में जमानत पर हैं, उनके मोबाइल में ऐसा क्या था जो उन्हें छिपाने की जरूरत थी? उन्होंने और अन्य नेताओं ने अपना मोबाइल फोन जमा क्यों नहीं करवाया?

ठाकुर ने दुनिया भर में बढ़ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कद, प्रभाव और सम्मान का जिक्र करते हुए राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल जी किसी और की नहीं तब इटली की प्रधानमंत्री और उनके नेताओं की ही सुन लेते कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ में क्या कहा है। इटली की प्रधानमंत्री ने कहा है कि दुनियाभर में मोदी को जो प्यार मिला है और जिस तरह वह दुनिया के लोकप्रिय नेता बन कर उभरे हैं, आज वह दुनिया के एक बड़े लीडर हैं। लेकिन राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी इस स्वीकार नहीं कर पा रही है।
केन्दीय मंत्री ने त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय में आए चुनावी नतीजों का जिक्र कर कहा कि कांग्रेस का फिर सूपड़ा साफ हो गया है। पूर्वोत्तर के नतीजे शायद राहुल गांधी को पहले से ही पता थे, लेकिन वहां जनादेश को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं और न ही एक के बाद एक मिल रही हार को स्वीकार कर पा रहे हैं।











