अनियंत्रित कार चालक ने वाहन का इंतजार कर रहे 5 लोगों को रौंद डाला, महिला की मौत

0
109

गाजियाबाद –शहर के नेशनल हाइवे-9 के साईं मंदिर अंडरपास के सामने अवैध रूप से बने बस और ऑटो स्टैंड की अव्यवस्था से हादसे में एक महिला की मौत हो गई। वहीं 5 लोग घायल हो गए। विगत दिवस गुरुवार सुबह यहां यात्री खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे थे, तभी दिल्ली की तरफ से आई तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर यात्रियों को रौंदती चली गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के बाद ड्राइवर कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इस दौरान वहां काफी अफरातफरी मच गई। लोगों ने बताया कि महिला बदायूं जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी, सबसे पहले कार ने उसी को टक्कर मारी।

अनियंत्रित कार चालक ने वाहन का इंतजार कर रहे 5 लोगों को रौंद डाला, महिला की मौत

जिले की खोड़ा निवासी वीना देवी की बदायूं में भतीजे की शादी थी। गुरुवार सुबह वह बदायूं जाने के लिए घर से निकली थीं। वह नेशनल हाइवे-9 के किनारे इंदिरापुरम में अभय खंड वाले कट पर बस का इंतजार करने लगीं। उनके साथ कुछ अन्य लोग भी वहां बस और ऑटो के इंतजार में खड़े थे, तभी दिल्ली की तरफ से सफेद रंग की कॉमर्शियल नंबर की मारुति रिट्ज कार तेज स्पीड से आई और अनियंत्रित होकर वीना देवी व बस और ऑटो के इंतजार में खड़े अन्य लोगों पर चढ़ते हुए सड़क किनारे डिवाइडर से जा टकराई, तुरंत ही ड्राइवर कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल वीना देवी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिया।

वहीं हादसे में घायल पांच अन्य लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एडीसीपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने मीडिया को बताया कि हाइवे के किनारे मुख्य प्वाइंट्स पर ट्रैफिककर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, लेकिन सड़क पर ट्रैफिक का लोड अधिक होने से कई बार दिक्कतें आती हैं। हाइवे किनारे सवारियां भरने वाले बस और ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाती है।

LEAVE A REPLY