नई दिल्ली – पीएम आवास से कुछ ही दूरी पर अनधिकृत निर्माण का मामला सामने आया है। वायुसेना ने पत्र लिखकर नई दिल्ली के जिलाधिकारी कार्यालय को कार्रवाई करने के लिए कहा है। पत्र में बताया गया है कि लोक कल्याण मार्ग स्थित वायुसेना स्टेशन की दीवार से लगती एक मस्जिद के पास पक्का निर्माण किया गया है। यहीं पर पीएम आवास है और इस अतिसुरक्षित क्षेत्र में इस तरह का निर्माण चिंता का विषय है।
वायुसेना ने पत्र में बताया है कि नियमित सुरक्षा जांच के दौरान यह पाया गया कि इस स्टेशन के रेस कोर्स कैंप की चारदीवारी के बगल में मस्जिद के पास स्थायी निर्माण हुआ है। इसके बाद 13 जुलाई, 2022 को नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी), दिल्ली पुलिस, दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब), एसडीएम कार्यालय और वायु सेना के अधिकारियों ने क्षेत्र का एक संयुक्त सर्वेक्षण किया था।
इस दौरान इसकी पुष्टि की गई कि वायुसेना की चारदीवारी से सटे बीआर कैंप में अनधिकृत निर्माण किया गया है। सर्वेक्षण के बाद एनडीएमसी ने किसी अन्य एजेंसी की भूमि होने की बात कह यहां किसी भी तरह की कार्रवाई करने में असमर्थता जता दी। एनडीएमसी ने अधिकारिक रूप से यह नहीं बताया कि भूमि का मालिकाना हक किसके पास है।
एनडीएससी के सूत्रों का कहना है कि यह भूमि डूसिब की है। इसके बाद वायुसेना ने जिलाधिकारी कार्यालय को दो मार्च, 2023 को पत्र लिखकर अनधिकृत निर्माण हटाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा। हालांकि, अभी तक अनधिकृत निर्माण को हटाया नहीं गया है।











