फ़िरोज़पुर -मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शहीद भगत सिंह की गौरवमयी विरासत को लंबे समय तक कायम रखने के लिए हुसैनीवाला यादगार के मुकम्मल कायाकल्प का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने फ़िरोज़पुर को टूरिस्ट हब बनाने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इस सरहदी शहर में पर्यटन के लिए बेहद अधिक संभावनाएं हैं।

हमारी सरकार इस शहर को विकसित करके विश्व के पर्यटन नक्शे पर लाने के लिए वचनबद्ध है। शहीद भगत सिंह, शहीद राजगुरू और शहीद सुखदेव को श्रध्दांजलि देने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हर देशवासी के लिए यह धरती पवित्र है, क्योंकि बर्तानवी हुकूमत ने इन शूरवीर योद्धाओं को शहीद करने के बाद यहां अंतिम संस्कार किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फ़िरोज़पुर की मौजूदा तकनीकी यूनिवर्सिटी का किसी अन्य यूनिवर्सिटी में विलय नहीं किया जाएगा। इससे सरहदी ज़िले के नौजवान देश की सामाजिक-आर्थिक तरक्की में सक्रिय हिस्सेदार बनने के योग्य होंगे। हुनरमंद प्रशिक्षण नौजवानों के लिए रोज़गार के नए मौके पैदा करेगा, इससे राज्य से प्रतिभा पलायन को भी रोका जा सकेगा। उन्होंने कहा कि यह पवित्र धरती शहीदों को श्रद्धाँजलि देने के लिए दुनियाभर से आने वाले सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र है। लोगों की सुविधा के लिए राज्य सरकार जल्द हुसैनीवाला में टेंट सिटी का निर्माण करेगी, जिससे यहाँ आने वाले सैलानियों का ठहराव आरामदायक रहे। हुसैनीवाला अजायबघर के कायाकल्प की योजना भी विचाराधीन है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की कोशिशों स्वरूप मोहाली हवाई अड्डे का नाम शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा रखा गया। उन्होंने कहा कि अब जल्द ही हवाई अड्डे के नज़दीक इस महान शहीद की आधुनिक प्रतिमा लगायी जाएगी। प्रांतीय विधानसभा ने हलवारा हवाई अड्डे का नाम शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर रखने के लिए प्रस्ताव पास करके भारत सरकार से अपील की है।
मुख्यमंत्री ने सांझी चेक पोस्ट पर बीएसएफ द्वारा बनाए जाने वाली जंगी यादगार का भी नींव पत्थर रखा। उन्होंने उम्मीद जताई कि 12 लाख रुपए की लागत से बनने वाली यह जंगी यादगार देश की सरहदों की रक्षा के लिए बीएसएफ द्वारा डाले गौरवमयी योगदान को उचित तरीके के साथ दिखाएगी। ज़िला प्रशासन की तरफ से हुसैनीवाला में खोली सोवीनर शॉप भी लोगों को समर्पित की।











