जयपुर – देशभर में बेहद कम समय में अपनी खास पहचान बना चुके राजधानी के मानसरोवर स्थित सिटी पार्क के बेहतर रखरखाव के लिए आगंतुकों को आगामी 9 मार्च से प्रवेश और वाहन पार्किंग शुल्क देना होगा। साथ ही, धुलंडी के कारण 7 मार्च को सिटी पार्क पूर्णतया बंद रखा जाएगा। आवासन आयुक्त पवन अरोड़ा ने बताया कि सिटी पार्क में प्रतिदिन 25 से 30 हजार आगंतुक विजिट कर रहे हैं। ऐसे में, पार्क को विश्व स्तरीय और आकर्षक बनाए रखने के लिए पर्याप्त रखरखाव और देखभाल बेहद जरूरी है। पार्क के बेहतर प्रबंधन के लिए 9 मार्च से पार्क में आने वालों से 20 रूपए प्रवेश शुल्क लिया जाएगा।

अरोड़ा ने बताया कि प्रात: 6 बजे से 9 बजे तक पार्क में भ्रमण करने आने वाले मॉर्निंग वॉकर्स तथा 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को प्रवेश शुल्क नहीं देना होगा अर्थात प्रतिदिन प्रात: 6 से 9 बजे तक सिटी पार्क में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। उन्होंने बताया कि नियमित आने वाले आगंतुक 999 रूपए प्रति वर्ष की दर से वार्षिक पास भी बनवा सकेंगे। आवासन आयुक्त ने बताया कि पार्क में आने वाले दुपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए भी दरें निर्धारित की गई हैं। दुपहिया के लिए (अधिकतम 3 घंटे) 20 रूपए व चारपहिया के लिए (अधिकतम 3 घंटे) का पार्किंग शुल्क 50 रूपए निर्धारित किया गया है।
इसी तरह सिटी पार्क में 10 हजार रूपए प्रतिदिन की दर से प्री वेडिंग शूट तथा 50 हजार रूपए प्रतिदिन की दर से फिल्म या टीवी सीरियल की शूटिंग भी की जा सकती है। आवासन आयुक्त ने बताया कि पार्क के नैसर्गिक सौंदर्य को बरकरार रखने के लिए दंडात्मक कार्रवाई को भी अमल में लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पार्क में लगे स्कलप्चर पर बैठने, उन्हें नुकसान पहुंचाने, विद्युत उपकरण छेडऩे या पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचाने पर 1 हजार रूपए तथा पार्क में प्लास्टिक की बोतलें, पॉलिथीन या गंदगी फैलाने या फूल तोडऩे पर हर बार 50 रूपए का जुर्माना वसूल किया जाएगा।












