
एनएचएआई के अधिकारियों के मुताबिक अभी तक दिल्ली से जयपुर का सफर तय करने में चार से पांच घंटे तक का समय लग जाता था वहीं मुंबई की दूरी कम से कम 24 घंटे में तय हो पाती थी।लेकिन इस एक्सप्रेस वे से दिल्ली से निकलकर महज दो घंटे में जयपुर और अगले दस घंटे में मुंबई पहुंचा जा सकेगा। एनएचएआई के मुताबिक विश्वस्तरीय सुविधाओं वाले इस 1386 किमी के एक्सप्रेस को कई स्ट्रैच में तैयार किया जा रहा है।
इसका पहला स्ट्रैच सोहना दौसा लालसोट 246 किमी का स्ट्रैच बनकर तैयार है और थोड़ी देर बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान के दौसा में इसका लोकार्पण करेंगे।
इस मौके पर इस स्ट्रैच के दूसरे सिरे पर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ इस सड़क से बैरियर हटाएंगे। एनएचएआई के मुताबिक यह एक्सप्रेस देश का पहला सबसे लंबा एक्सप्रेस वे होगा। इसकी कुल लंबाई 1386 किमी है। इस एक्सप्रेस से दिल्ली से मुंबई की दूरी में 12 फीसदी की कमी आएगी। अभी मौजूदा सड़क मार्ग से दिल्ली से मुंबई 1424 किमी है। जबकि इस एक्सप्रेस वे से 1242 किमी रह जाएगी। इसी प्रकार दिल्ली से मुंबई के सफर में लगने वाले समय में 50 फीसदी की कमी आएगी। अभी तक यह सफर तय करने में 24 घंटे लगते थे। लेकिन इस एक्सप्रेस वे से महज 12 घंटे में मुंबई पहुंचा जा सकेगा। यह एक्सप्रेस देश के छह प्रमुख राज्यों से होकर गुजरेगा। इनमें दिल्ली हरियाणा राजस्थान मध्य प्रदेश गुजरात और महाराष्ट्र शामिल हैं। वहीं इससे गुरुग्राम कोटा इंदौर जयपुर भोपाल बड़ोदरा और सूरत जैसे बड़े शहर दिल्ली और मुंबई से सीधा कनेक्ट हो जाएंगे।











