इस्लामाबाद – पाकिस्तान के पूर्व आर्मी चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा के सेना की कंगाली और टैंकों की खराब हालत पर खुलासे से बवाल मचा हुआ है। पाकिस्तान में अब जहां बाजवा के कोर्ट मार्शल की मांग उठ रही है, वहीं अब पाकिस्तानी सेना ने इस बयान पर सफाई दी है। पाकिस्तानी सेना ने कहा कि बाजवा के अनौपचारिक बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है। पाकिस्तान के सभी हथियार युद्ध के लिए तैयार हैं।
पाकिस्तानी सेना की प्रोपेगैंडा विंग आईएसपीआर ने कहा कि पाकिस्तानी सेना पहले भी अपने हथियार, उपकरणों और सैनिकों को इस तरह से तैयार करते हैं कि वे पाकिस्तान की रक्षा कर सकें और इस आगे भी किया जाना जारी रहेगा। पाकिस्तानी सेना ने यह सफाई उस समय पर दी है जब जनरल बाजवा के टैंकों की हालत के बारे में दिए गए बयान के चर्चित पत्रकार हामिद मीर के सामने लाने के बाद उसकी जमकर किरकिरी हो रही है। हामिद मीर ने एक शो में बाजवा को लेकर बड़ा खुलासा किया था।
पत्रकार मीर ने कहा कि पाकिस्तान के 25 पत्रकारों के सामने तत्कालीन आर्मी चीफ जनरल बाजवा ने खुलासा किया था कि पाकिस्तानी सेना और टैंक इस हालत में नहीं हैं कि वे भारतीय सेना के साथ जंग लड़ सकें। मीर ने बताया, बाजवा ने हमसे कहा था कि टैंक चलने की हालत में नहीं हैं। सैनिकों को एक जगह से दूसरी जगह पर ले जाने के लिए डीजल नहीं है। मीर ने कहा कि 20 से 25 लोगों के सामने बाजवा ने बताया था कि पाकिस्तानी सेना युद्ध लड़ने की स्थिति में नहीं है।






