मोदी सरकार लोकतंत्र का गला घोंटने के लिए विपक्ष की आवाज को दबा रही

0
59

ज्वालामुखी –  प्रदेश कांग्रेस सचिव नवनीत शर्मा ने आज यहां केन्द्र सरकार पर आरोप लगाया कि मोदी सरकार लोकतंत्र का गला घोंटने के लिए विपक्ष की आवाज को दबा रही है। और सुनियोजित तरीके से कांग्रेस नेता राहुल गांधी को निशाना बनाया जा रहा है।

स्थानीय विधायक संजय रतन की मौजूदगी में स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में पत्रकारों को संबोधित करते हुये कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी सरकार केंद्रीय एजेंसियों के सहारे कांग्रेस पार्टी और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। केंद्र सरकार अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ तानाशाही का रूप धारण किए हुए है।

जो भी केंद्र के खिलाफ बयान देता है। उस पर झूठे मुकदमे बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सरकारी एजेंसियों का प्रयोग किया जा रहा है। भाजपा सरकार में देश भय की स्थिति से गुजर रहा।

लेकिन सरकार इसमें कामयाब नहीं होगी। लोकतंत्र का गला घोंटना नहीं दिया जायेगा। कांग्रेस पार्टी इस मामले पर चुप नहीं बैठेगी। राहुल गांधी आम जनमानस की आवाज है। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान इसका प्रमाण मिल चुका है। राहुल गांधी को देश भर में उस दौरान लोगों का समर्थन मिला था।

जिससे मोदी सरकार घबरा गई। भाजपा पूरी तरह से बौखलाहट में है। यही वजह है कि राहुल गांधी के खिलाफ झूठे मुकदमे बनाए जा रहे हैं। आज देश के हालात बिगड़ते जा रहे है। आर्थिक संकट के पीछे सरकार की नीतियों हैं राहुल गांधी ने भी यही सवाल उठाया था कि आखिर भ्रष्टाचार करने वाले कौन लोग हैं। अडाणी की शेल कंपनियों में 20 हजार करोड़ रुपये किसके हैं? यह सवाल कांग्रेस नेता राहुल गांधी कई दिन से पूछ रहे हैं। अडाणी की शैल कंपनी, जिसमें 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश हुआ है, उसमें एक चीन का नागरिक शामिल है।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता निशू मोंगरा , ज्ञानेश्वर शर्मा, अश्वनी शर्मा व ज्वालामुखी कांग्रेस के नेता भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY